उत्तराखंड : सड़क धंसने से खाई में गिरा डंपर, चालक की मौत -रामनगर-रानीखेत मार्ग की बदहाली पर उठे सवाल
रानीखेत। रामनगर-रानीखेत मार्ग पर कुमेरिया और सौराल के बीच रविवार सुबह सड़क धंसने से एक डंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में डंपर चालक वाहन और पेड़ के बीच बुरी तरह दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने कटर की मदद से डंपर को काटकर चालक के शव को बाहर निकाला।
हादसे की सूचना मिलते ही भतरौजखान पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। भतरौजखान थानाध्यक्ष अवनीश कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान जसवंत सिंह उर्फ गुड्डू (36) पुत्र गोपाल सिंह, निवासी गजार, तहसील चौखुटिया के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
सड़क धंसने से बिगड़ा डंपर का संतुलन
स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे वाली जगह पर सड़क धंसने के निशान दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि सड़क का एक हिस्सा धंसने के कारण डंपर का संतुलन बिगड़ा और वह खाई में जा गिरा। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
पिता के बाद अब बेटे की हादसे में मौत
जसवंत सिंह की मौत की खबर से गजार गांव में शोक की लहर है। बताया गया कि कई वर्ष पहले उनके पिता गोपाल सिंह की भी सड़क हादसे में मौत हो गई थी। अब सड़क दुर्घटना में बेटे की मौत से परिवार पर एक बार फिर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बदहाल मार्ग को लेकर लोगों में नाराजगी
स्थानीय लोगों का कहना है कि रामनगर-रानीखेत मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। कई स्थानों पर सड़क संकरी होने के साथ ही गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों के कारण वाहनों की आवाजाही चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। मार्ग की कम चौड़ाई के चलते बड़े वाहनों के संचालन में भी परेशानी होती है।
स्थानीय लोग लंबे समय से मार्ग के चौड़ीकरण और आवश्यक सुधार की मांग करते आ रहे हैं। रविवार को हुए हादसे ने एक बार फिर इस मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था और चौड़ीकरण की जरूरत को सामने ला दिया है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड : मालदार दान सिंह बिष्ट की 62वीं पुण्यतिथि पर ऑनलाइन स्मृति व्याख्यान आयोजित
आज हिंदी खुश है कि हिंदी के चर्चे हैं…
uttarakhand-नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ बोर्ड लगाकर घूम रहा था फर्जी IB अधिकारी -एयरगन भी बरामद
उत्तराखंड : जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी को दी गई अंतिम विदाई