उत्तराखंड…गर्जिया मंदिर के पास जल विसर्जन के बाद कोसी नदी में डूबी इकलौती बेटी -प्रतियोगी परीक्षाओं की कर रही थी तैयारी
रामनगर। गर्जिया देवी मंदिर के पास कोसी नदी में नहाने के दौरान एक 24 वर्षीय युवती की दर्दनाक मौत हो गई। भागवत कथा के समापन के बाद जल विसर्जन करने आए परिवार की इकलौती बेटी नदी में डूब गई, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के ठाकुरद्वारा स्थित नई बस्ती में आयोजित भागवत कथा के समापन के बाद रविवार को करीब तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर ग्रामीण जल विसर्जन के लिए गर्जिया देवी मंदिर पहुंचे थे। जल विसर्जन के बाद श्रद्धालु कोसी नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान होराम सिंह की 24 वर्षीय पुत्री निशु परिवार और ग्रामीणों के साथ नदी में नहा रही थी कि अचानक वह गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी।
युवती की चीख सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण वह पानी में समा गई। काफी देर तक चले खोजबीन अभियान के बाद ग्रामीणों ने उसे नदी से बाहर निकाला और तत्काल रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की। कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट ने बताया कि शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है तथा सोमवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
बताया जा रहा है कि निशु अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी और दो भाइयों की सबसे छोटी बहन थी। उसने बीए की पढ़ाई पूरी कर ली थी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर और गांव में मातम पसरा हुआ है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…जागेश्वर धाम में मनमानी पर पुलिस का शिकंजा,टैक्सी चालकों को सख्त चेतावनी—श्रद्धालुओं से बदसलूकी और ओवरचार्जिंग बर्दाश्त नहीं
उत्तराखंड…बाबा के दरबार में आस्था का महासागर : कैंची धाम में उमड़ा जनसैलाब -पुलिस-प्रशासन की परीक्षा पर खरे इंतजाम