उत्तराखंड…प्रसव के बाद महिला की मौत पर सितारगंज अस्पताल में बवाल
-परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप, सीएमओ ने गठित की तीन सदस्यीय जांच समिति
सितारगंज। उप जिला चिकित्सालय सितारगंज में प्रसव के बाद एक महिला की मौत से रविवार सुबह अस्पताल परिसर में हंगामा खड़ा हो गया। गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया और दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठाई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभालना पड़ा।
जानकारी के अनुसार ग्राम तिलियापुर शक्तिफार्म निवासी सिकंदर कुमार अपनी 30 वर्षीय पत्नी आरती को शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे प्रसव पीड़ा होने पर उप जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे थे। जांच के बाद चिकित्सकों ने सामान्य प्रसव की बात कही। रात करीब 9:40 बजे आरती ने एक पुत्र को जन्म दिया।
परिजनों का आरोप है कि प्रसव के बाद अस्पताल कर्मचारी महिला को छोड़कर दूसरे कमरे में सोने चले गए। इसी दौरान आरती की हालत बिगड़ने लगी, लेकिन समय पर उपचार नहीं मिला। आरोप है कि रात करीब दो बजे हालत गंभीर होने पर कर्मचारियों को जगाया गया, जिसके बाद महिला को सितारगंज के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से गंभीर स्थिति देखते हुए उसे रुद्रपुर रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। निजी अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका आरती स्थानीय बीडीसी सदस्य बबलू कुमार के भाई की पत्नी बताई जा रही है। घटना की खबर मिलते ही कांग्रेस प्रदेश सचिव नवतेजपाल सिंह, कांग्रेस शक्तिफार्म ब्लॉक अध्यक्ष उत्तम आचार्य तथा आजाद समाज पार्टी (काशीराम) के नेता सतेंद्र कुमार समर्थकों के साथ अस्पताल पहुंच गए। नेताओं और परिजनों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर नाराजगी जताई। बढ़ते आक्रोश को देखते हुए अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
पुलिस ने परिजनों की तहरीर लेकर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।
उप जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. कुलदीप यादव ने बताया कि नवजात पूरी तरह स्वस्थ है। महिला की मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। वहीं कोतवाल सुंदरम शर्मा ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
इधर, सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है। समिति में उप जिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संदीप दीक्षित, जिला चिकित्सालय रुद्रपुर की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नम्रता त्रिपाठी तथा सीएमओ कार्यालय के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुधीर गुप्ता को शामिल किया गया है। समिति को जल्द रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…पंखे में उतरे करंट से आठवीं के छात्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम