उत्तराखंड…फर्जी डिग्री का खेल पड़ा भारी : इतिहास के असिस्टेंट प्रोफेसर बर्खास्त
देहरादून। राजकीय महाविद्यालय बिथ्याणी, यमकेश्वर में तैनात इतिहास विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. उमेश त्यागी को फर्जी अंक प्रमाण पत्रों के आधार पर नौकरी हासिल करना भारी पड़ गया। विभागीय जांच में दस्तावेज संदिग्ध और विश्वविद्यालय रिकॉर्ड से मेल न खाने पर उच्च शिक्षा विभाग ने उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया है। विभागीय मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने भी बर्खास्तगी प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार डॉ. उमेश त्यागी की नियुक्ति राजकीय महाविद्यालय बिथ्याणी, यमकेश्वर में कला संकाय के अंतर्गत असिस्टेंट प्रोफेसर (इतिहास) पद पर हुई थी। नियुक्ति के दौरान प्रस्तुत किए गए शैक्षणिक अभिलेखों की सत्यता को लेकर विभाग को शिकायत मिली थी, जिसके बाद मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई गई।
जांच के दौरान डॉ. त्यागी द्वारा प्रस्तुत बीए प्रथम वर्ष, द्वितीय वर्ष और तृतीय वर्ष की अंकतालिकाओं में गंभीर विसंगतियां सामने आईं। विभाग ने संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ से कराया। जांच में पाया गया कि प्रस्तुत अंक प्रमाण पत्र विश्वविद्यालय के गोपनीय अभिलेखों से मेल नहीं खा रहे थे और दस्तावेज आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुरूप नहीं थे।
अधिकारियों ने बताया कि विभागीय जांच के दौरान डॉ. त्यागी को व्यक्तिगत सुनवाई का अवसर भी दिया गया, लेकिन वह अपने दस्तावेजों के संबंध में कोई संतोषजनक स्पष्टीकरण देने के लिए उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद जांच रिपोर्ट के आधार पर उत्तराखंड सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली के तहत उनकी सेवा समाप्त करने का प्रस्ताव विभागीय मंत्री को भेजा गया।
विभागीय मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने प्रस्ताव को अनुमोदित करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों की गरिमा और युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का छल स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फर्जी शैक्षणिक दस्तावेजों के आधार पर नौकरी प्राप्त करना गंभीर अपराध है और भविष्य में भी ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
मंत्री की स्वीकृति के बाद संबंधित शिक्षक की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं। विभागीय अधिकारियों ने साफ किया कि शैक्षणिक संस्थानों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए किसी भी प्रकार की अनियमितता या कूटरचित दस्तावेजों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…तेज रफ्तार स्कूल बस ने ली ग्रामीण की जान –=रामनगर में दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों ने उठाए सवाल