मंगोली में रेस्टोरेंट संचालिका के खिलाफ ग्रामीणों का धरना, सड़क जाम
नैनीताल। नैनीताल शहर से सटे मंगोली क्षेत्र में स्थित एक रेस्टोरेंट की संचालिका महिला के विरुद्ध ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा है। तय अल्टीमेटम के बाद सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने रेस्टोरेंट के सामने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान सड़क पर जाम भी लगाया गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
ग्रामीणों की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित महिला दबंगई के बल पर सरकारी भूमि सहित ग्रामीणों की निजी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रही है। विरोध करने पर झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि महिला को पुलिस का संरक्षण प्राप्त है और उनके खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की गई है। बताया जा रहा है कि बीते कुछ समय से रेस्टोरेंट संचालिका के परिवार और ग्रामीणों के बीच तनातनी चल रही थी। गत सप्ताह महिला की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद और आठ अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था, जिससे ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त हो गया।
इसी के विरोध में ग्रामीणों ने पूर्व में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी। सोमवार को ग्राम प्रधान सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में ग्रामीण मंगोली में एकत्र हुए और महिला के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरना दिया।
स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए मंगोली चौकी के साथ ही कोतवाली और तल्लीताल पुलिस मौके पर पहुंची। सूचना पर तहसीलदार अक्षय भट्ट भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता कर मामले के समाधान का प्रयास किया गया। प्रशासन ने फिलहाल सभी पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…तेज रफ्तार स्कूल बस ने ली ग्रामीण की जान –=रामनगर में दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों ने उठाए सवाल