गर्दन की मालिश के दौरान बिगड़ी महिला की तबीयत, मौत -परिजनों ने पहलवान पर लगाया लापरवाही का आरोप
हल्द्वानी। दमुवादूंगा क्षेत्र में रहने वाली एक महिला की गर्दन की मालिश के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजनों ने कालाढूंगी रोड स्थित एक पहलवान पर लापरवाही का आरोप लगाया है। महिला की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और चिकित्सकीय जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ निवासी रामचंद्र वर्तमान में हल्द्वानी के दमुवादूंगा क्षेत्र में परिवार के साथ रहते हैं और निजी नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी मीनाक्षी पिछले करीब चार-पांच महीने से गर्दन के दर्द से परेशान थीं। उनका सुशीला तिवारी अस्पताल में उपचार भी चल रहा था।
रामचंद्र के मुताबिक, शनिवार को परिचितों की सलाह पर वह पत्नी मीनाक्षी को गर्दन की मालिश कराने के लिए कालाढूंगी रोड स्थित एक पहलवान के पास लेकर गए थे। परिजनों का आरोप है कि मालिश के दौरान पहलवान ने मीनाक्षी की गर्दन को जोर से हिला दिया। इसके बाद उनकी हालत अचानक बिगड़ गई और वह मौके पर ही बेसुध हो गईं।
परिजन आनन-फानन में मीनाक्षी को बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई और परिजनों से भी पूछताछ की।
मीनाक्षी की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। वह अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस के अनुसार, महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम और चिकित्सकीय जांच की रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल परिजनों द्वारा लगाए गए लापरवाही के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

हरभजवाला में किराये के मकान में चल रहा था देह व्यापार -पुलिस का छापा, नाबालिग रेस्क्यू
मोबाइल ऐप डाउनलोड करते ही खाते खाली -युवक के दो बैंक खातों से 1.39 लाख रुपये पार
22 करोड़ के कथित गबन पर हाईकोर्ट सख्त -पुलिस जांच को बताया अस्पष्ट और सतही