रील के चक्कर में जेल पहुँचा युवक -सोशल मीडिया पर तमंचा लहराना पड़ा भारी
रुद्रपुर। सोशल मीडिया पर तमंचा लहराकर रील बनाना एक युवक को महंगा पड़ गया। कोतवाली पुलिस ने आरोपी को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 315 बोर का एक देशी तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को रम्पुरा चौकी प्रभारी चन्दन सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक धीरज टम्टा, कांस्टेबल महेन्द्र कुमार और महेश राम क्षेत्र में शांति व्यवस्था एवं अपराध रोकथाम के लिए गश्त पर थे। इसी दौरान किच्छा रोड स्थित एफएसएल मोड़ के पास मुखबिर ने सूचना दी कि शांति कॉलोनी निवासी अंकुश उर्फ अंकित शर्मा अपने पास अवैध तमंचा रखता है।
मुखबिर ने पुलिस को एक वीडियो भी दिखाया, जिसमें आरोपी हाथ में तमंचा लहराते हुए डांस करता नजर आ रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एफएसएल गेट से कुछ दूरी पर किच्छा बाईपास रोड की ओर से आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
तलाशी लेने पर उसकी पैंट से 315 बोर का एक देशी तमंचा और चैम्बर में फंसा हुआ एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अंकुश उर्फ अंकित शर्मा पुत्र हरस्वरूप शर्मा निवासी शांति कॉलोनी बताया। उसने बताया कि यह तमंचा उसने नानकमत्ता मेले में किसी अज्ञात व्यक्ति से करीब पांच से छह हजार रुपये में शौक के लिए खरीदा था।
पुलिस ने आधुनिक तकनीक और ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने यह असलहा किससे खरीदा था और क्या इसका इस्तेमाल किसी अन्य वारदात में किया गया है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



मोटाहल्दू के प्राचीन शिव मंदिर में चोरी से ग्रामीणों में आक्रोश, धरने पर बैठे लोग
UK-दलित दंपति का प्लॉट कब्जाने और मारपीट का आरोप -बिल्डर समेत चार पर मुकदमा