नौ स्थानों पर जल्द शुरू हो सकती है 4G सेवा -सांसद भट्ट ने केंद्रीय मंत्री को लिखा पत्र
–सर्वे पूरा, स्वीकृति के लिए लंबित हैं प्रस्ताव, ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में कनेक्टिविटी मजबूत करने की पहल
हल्द्वानी। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा व पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने संसदीय क्षेत्र के नौ स्थानों पर 4G मोबाइल सेवा शुरू करने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र लिखकर लंबित प्रस्तावों को शीघ्र मंजूरी देने का अनुरोध किया है।
सांसद ने पत्र में कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर मोबाइल कनेक्टिविटी आज की जरूरत है। इन क्षेत्रों में 4G सेवा शुरू होने से स्थानीय निवासियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और अन्य लोगों को बेहतर संचार सुविधा मिलेगी। साथ ही ऑनलाइन शिक्षा, डिजिटल सरकारी सेवाओं और ऑनलाइन कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा।
इन नौ स्थानों पर प्रस्तावित है 4G सेवा
सांसद अजय भट्ट की ओर से जिन नौ स्थानों पर 4G मोबाइल सेवा शुरू करने के प्रस्ताव भेजे गए हैं, उनमें रुद्रपुर क्षेत्र के संजय वन और टांडा फॉरेस्ट रेंज, भीमताल क्षेत्र का नलिनी, बेतालघाट क्षेत्र का रतीघाट, कैंची धाम क्षेत्र के ऊंचाकोट (मल्लागांव) और पड़ाली, कोटाबाग क्षेत्र का नाथूनगर, हल्द्वानी क्षेत्र का बिंदुखत्ता तथा किच्छा क्षेत्र का मल्ली देवरिया शामिल हैं।
पत्र के अनुसार, इन सभी नौ स्थलों का सर्वेक्षण पूरा हो चुका है। संबंधित प्रस्ताव आवश्यक कार्रवाई और स्वीकृति के लिए अग्रसारित किए जा चुके हैं। अब इन पर शीघ्र निर्णय लेने का अनुरोध किया गया है।
डिजिटल सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि इन स्थलों पर 4G नेटवर्क उपलब्ध होने से क्षेत्रवासियों को डिजिटल सेवाओं का लाभ लेने में आसानी होगी। विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई, ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और ऑनलाइन सेवाओं की जानकारी तथा व्यापारियों को डिजिटल माध्यम से कारोबार करने में सहूलियत मिलेगी।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रस्तावों पर शीघ्र कार्रवाई और स्वीकृति के लिए निर्देशित किया जाए, ताकि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में मोबाइल कनेक्टिविटी का विस्तार हो सके।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



UK-पिथौरागढ़ में दो बाइकों की भीषण भिड़ंत -एक युवक की मौत, चार घायल
UKNews-पुलिस में भर्ती कराने के नाम पर 40 हजार की ठगी -फर्जी दरोगा गिरफ्तार