उत्तराखंड : जंगल में जहर खाकर गिरी बुजुर्ग महिला -कांस्टेबल ने कंधे पर उठाकर पहुंचाया अस्पताल, इलाज के दौरान मौत
रामनगर क्षेत्र में सोमवार को एक अज्ञात वृद्ध महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ग्राम टेढ़ा के जंगल में करीब 70 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर विषैले पदार्थ का सेवन कर लिया था, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई।
बताया जा रहा है कि जंगल से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों ने महिला को बेहोशी की हालत में पड़ा देखा। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्होंने तुरंत रामनगर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार कोतवाली में तैनात कांस्टेबल गगन भंडारी मौके पर पहुंचे, लेकिन जंगल का रास्ता बेहद दुर्गम होने के कारण वाहन वहां तक नहीं पहुंच सका। ऐसे में कांस्टेबल गगन भंडारी ने मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए बुजुर्ग महिला को अपने कंधे पर उठाकर करीब एक किलोमीटर से अधिक पैदल जंगल के रास्ते मुख्य सड़क तक पहुंचाया।
इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से महिला को उपचार के लिए रामनगर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन कुछ देर बाद महिला ने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद अस्पताल और पुलिस प्रशासन में हलचल मच गई। पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 70 वर्ष आंकी जा रही है, लेकिन अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। महिला के पास कोई पहचान पत्र या अन्य सामान नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके।
फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्रों में महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला विषैले पदार्थ के सेवन से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…तेज रफ्तार स्कूल बस ने ली ग्रामीण की जान –=रामनगर में दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों ने उठाए सवाल