पत्रकारों पर हमला बर्दाश्त नहीं : नर्सिंग कॉलेज प्रबंधक की गुंडागर्दी पर भड़का NUJ, गिरफ्तारी की मांग
–अल्मोड़ा में कवरेज के दौरान वरिष्ठ पत्रकारों से अभद्रता और हमले का प्रयास, DGP व SP को भेजा पत्र; प्रदेशभर के पत्रकारों में आक्रोश
हरिद्वार/अल्मोड़ा। अल्मोड़ा स्थित ‘मां अम्बे इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग’ में समाचार कवरेज के दौरान पत्रकारों के साथ हुई अभद्रता और हमले के प्रयास ने प्रदेश के पत्रकार जगत में भारी रोष पैदा कर दिया है। नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (NUJ) ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी प्रबंधक संदीप ठाकुर की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
यूनियन ने इसे प्रेस की स्वतंत्रता पर सीधा हमला बताते हुए कहा कि चौथे स्तंभ को डराने-धमकाने की मानसिकता किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने संस्थान प्रबंधन पर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। मामले की जांच के लिए जब पुलिस टीम संस्थान पहुंची थी, उसी दौरान वहां मौजूद वरिष्ठ पत्रकार किशन जोशी ने निष्पक्ष पत्रकारिता के तहत प्रबंधक संदीप ठाकुर से उनका पक्ष जानना चाहा।
आरोप है कि सवाल पूछे जाने पर प्रबंधक आपा खो बैठा और पुलिस की मौजूदगी में ही पत्रकार की माइक आईडी और कैमरा छीनकर उनसे अभद्रता करने लगा। इतना ही नहीं, उसने पत्रकार पर शारीरिक हमले का भी प्रयास किया। मौके पर मौजूद पत्रकार मोहित अधिकारी और अभिषेक साह ने इसका विरोध करते हुए बीच-बचाव किया।
नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स की प्रदेश अध्यक्ष दया जोशी ने इस घटना को अत्यंत निंदनीय बताते हुए पुलिस महानिदेशक (DGP) और पुलिस अधीक्षक (SP) अल्मोड़ा को पत्र भेजकर आरोपी के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को उनके संवैधानिक कर्तव्यों से रोकना लोकतंत्र की मूल भावना के खिलाफ है।
यूनियन के संरक्षक त्रिलोक चन्द्र भट्ट, महासचिव गोपालदत्त गुरूरानी, उपाध्यक्ष दीपक पाठक व सुनील शर्मा सहित पूरी प्रदेश कार्यकारिणी ने भी घटना की भर्त्सना की है।
बागेश्वर, चंपावत, देहरादून, पौड़ी, पिथौरागढ़, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार समेत सभी जिलों के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी प्रबंधक के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा।
घटना की निंदा करने वालों में सचिव जगदीश उपाध्याय, पुष्पेंद्र राणा, संगठन मंत्री गिरीश सिंह बिष्ट, कैलाश चन्द्र भट्ट, कोषाध्यक्ष हरपाल सिंह, प्रचार मंत्री बाबा आदित्य दास, समीर परवेज सहित शंकर पाण्डे (बागेश्वर), सुधीर बडोला (देहरादून), जसपाल नेगी (पौड़ी), अर्जुन सिंह रावत (पिथौरागढ़), दरवान सिंह रावत (अल्मोड़ा) और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हैं।
यूनियन ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक आरोपी को हथकड़ी नहीं लगती, तब तक पत्रकारों का विरोध जारी रहेगा।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…पंखे में उतरे करंट से आठवीं के छात्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम
उत्तराखंड…तेज रफ्तार स्कूल बस ने ली ग्रामीण की जान –=रामनगर में दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों ने उठाए सवाल