नहर निर्माण में बाधा बर्दाश्त नहीं -अतिक्रमण हटाकर तुरंत शुरू हो काम : विधायक डॉ. बिष्ट
-मोतीनगर में जमरानी परियोजना अटकी -विधायक ने प्रशासन को दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
-जमरानी नहर में अड़ंगा! स्टोन क्रेशर की दीवार बनी बाधा -ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
मोटाहल्दू (नैनीताल)। बहुप्रतीक्षित जमरानी बांध परियोजना की नहर निर्माण योजना एक बार फिर विवादों में घिर गई है। हल्द्वानी-लालकुआं के बीच बरेली रोड स्थित मोतीनगर क्षेत्र में हिमालया स्टोन क्रेशर की कथित अवैध दीवार के चलते नहर निर्माण कार्य बाधित हो गया है। इससे स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने प्रशासन पर कार्रवाई में ढिलाई बरतने का आरोप लगाते हुए स्टोन क्रेशर की दीवार हटाकर नहर किनारे रास्ता बनाए जाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि स्टोन क्रेशर स्वामी द्वारा नहर क्षेत्र में अवैध निर्माण कर रास्ता अवरुद्ध किया गया है, जिससे न केवल परियोजना प्रभावित हो रही है बल्कि भविष्य में क्षेत्र में जलभराव का खतरा भी बढ़ सकता है। मामले को लेकर लालकुआं तहसील प्रशासन कई बार मौके का निरीक्षण कर चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आ सका है।

गुरुवार को स्थानीय लोगों ने क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट को मौके पर बुलाया। विधायक ने मौके का निरीक्षण कर प्रशासन से तत्काल अतिक्रमण हटाने की मांग की। इस दौरान मौके पर पहुंचीं एसडीएम लालकुआं रेखा कोहली को विधायक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि जांच में अतिक्रमण अवैध पाया जाता है तो उसे तत्काल हटाया जाए, ताकि जमरानी नहर का निर्माण कार्य बिना बाधा आगे बढ़ सके।
एसडीएम रेखा कोहली ने विधायक को बताया कि ग्रामीण वर्तमान में तैनात राजस्व निरीक्षक मनोज कुमार से जांच करवाने का विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों ने राजस्व निरीक्षक पर स्टोन क्रेशर स्वामी से मिलीभगत का आरोप लगाया है। इस पर विधायक डॉ. बिष्ट ने हल्द्वानी और लालकुआं दोनों क्षेत्रों के राजस्व निरीक्षकों को मौके पर बुलाकर तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि अतिक्रमण अवैध पाया जाता है तो प्रशासन बिना देरी कार्रवाई करे।
मौके पर मौजूद जमरानी बांध परियोजना के डीएम ललित कुमार ने बताया कि अतिक्रमण के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि मानसून नजदीक है और यदि समय रहते नहर निर्माण पूरा नहीं हुआ तो क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या पैदा हो सकती है। उन्होंने बताया कि स्टोन क्रेशर स्वामी को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका है, लेकिन अब तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया है।
इस दौरान वरिष्ठ समाजसेवी नंदकिशोर पढालनी, ग्राम प्रधान पदमपुर देवलिया रमेश चंद्र जोशी, भाकपा माले नेता बहादुर सिंह जंगी, पूर्व प्रधान हयात ओडेजा, जय बल्लभ जोशी, पूरन सिंह मेहरा, चंद्र प्रकाश, पूरन जोशी, पप्पू आर्या, दीपू, दीपक, निखिलेश समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…पंखे में उतरे करंट से आठवीं के छात्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम
उत्तराखंड…तेज रफ्तार स्कूल बस ने ली ग्रामीण की जान –=रामनगर में दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों ने उठाए सवाल