उत्तराखंड…गोरापड़ाव रेलवे ट्रैक पर मिली होटल मैनेजमेंट छात्र की लाश -दोस्त के फोन ने खड़े किए कई सवाल
हल्द्वानी। हाथीखाल-गोरापड़ाव क्षेत्र में रविवार देर रात एक 24 वर्षीय छात्र का शव रेलवे पटरियों के बीच संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान हाथीखाल निवासी सौरभ सिंह बजेठा पुत्र स्वर्गीय थान सिंह बजेठा के रूप में हुई है। सौरभ आम्रपाली संस्थान में होटल मैनेजमेंट का छात्र था।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
परिजनों के मुताबिक रविवार रात करीब 12:20 बजे सौरभ के करीबी मित्र भूपेश बिष्ट उर्फ भुप्पी का फोन आया, जिसमें उसने सौरभ के ट्रेन से दुर्घटनाग्रस्त होने और रेलवे ट्रैक पर पड़े होने की सूचना दी। हालांकि सूचना देने के बावजूद भूपेश बिष्ट और उसका साथी मोर्चरी नहीं पहुंचे, जिससे परिजनों के मन में कई सवाल खड़े हो गए हैं।
मृतक की बहन वंदना बजेठा ने आरोप लगाया कि घटना स्थल के पास सौरभ का मोबाइल फोन और हाथ का कड़ा मिला है। साथ ही मोबाइल की कॉल डिटेल भी हटाई गई है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सौरभ के पिता एवं पूर्व सैनिक थान सिंह बजेठा का तीन वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। परिवार में उनकी मां पार्वती देवी, बहन वंदना बजेठा और 97 वर्षीय दादा वीर सिंह हैं। बेटे की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जाएगी। फिलहाल छात्र की मौत को लेकर रहस्य बरकरार है और परिजन इसे केवल हादसा मानने को तैयार नहीं हैं।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…गर्दन पर चाकू से वार कर फरार आरोपी दिल्ली से दबोचा -45 दिन बाद झिरौली पुलिस के हत्थे चढ़ा