गाजियाबाद सुसाइड केस : पिता की तीन शादियों का खुलासा -जांच में रोज सामने आ रहीं नई परतें
गाजियाबाद। साहिबाबाद के टीलामोड़ स्थित भारत सिटी सोसायटी में तीन नाबालिग बहनों की आत्महत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। अब जांच में सामने आया है कि बच्चियों के पिता चेतन कुमार ने पिछले 16 वर्षों में दो नहीं बल्कि तीन शादियां की थीं। पुलिस को तीनों विवाह से संबंधित मैरिज सर्टिफिकेट भी मिले हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, चेतन कुमार ने शुरुआती पूछताछ में अपनी तीसरी शादी की जानकारी छिपाई थी। जांच में पता चला कि उसने वर्ष 2010 में सुजाता से पहली शादी की, वर्ष 2013 में उसकी बहन हिना से विवाह किया और वर्ष 2021 में सीलमपुर निवासी टीना से कोर्ट मैरिज की।
बताया जा रहा है कि तीसरी पत्नी टीना बच्चियों की पढ़ाई को लेकर गंभीर थी और उन्हें मोबाइल व कोरियाई संस्कृति के प्रभाव से दूर कर पढ़ाई की ओर लौटाने का प्रयास कर रही थी। उसके कहने पर चेतन ने करीब एक माह पहले तीनों बेटियों का ट्यूशन लगवाया और उनके मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए। ट्यूशन शिक्षक ने भी शिकायत की थी कि बच्चियां खुद को कोरियन बताती थीं, जिसके बाद घर में सख्ती और बढ़ा दी गई।
पुलिस के अनुसार, पहली पत्नी सुजाता और दूसरी पत्नी हिना अशिक्षित हैं और बच्चियों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान नहीं दे पाती थीं, जबकि टीना शिक्षा को लेकर अधिक सजग थी। घटना के बाद सुजाता और हिना गहरे सदमे में हैं और बार-बार यह कहते हुए बेसुध हो जाती हैं कि “कोरियन ने मेरी बेटी को मार डाला।”
इस बीच, भारत सिटी सोसायटी में चेतन कुमार के परिवार के रहने को लेकर भी स्थानीय लोगों ने आपत्ति जतानी शुरू कर दी है। सोसायटी की एओए के अध्यक्ष जयप्रकाश ठाकुर ने फ्लैट मालिकों से इस विषय में बातचीत की है। हालांकि शोक की स्थिति को देखते हुए फिलहाल परिवार से कोई औपचारिक बातचीत नहीं की गई है, लेकिन आशंका है कि परिवार को फ्लैट खाली करना पड़ सकता है।
घटनास्थल पर अभी भी पुलिस की बैरिकेडिंग लगी हुई है। पार्क में खून के निशान और कपड़ों के टुकड़े देख स्थानीय लोग और बच्चे सहमे हुए हैं। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि जल्द ही घटनास्थल की सफाई कर बैरिकेडिंग हटाई जाएगी।
गौरतलब है कि मंगलवार देर रात करीब दो बजे नौवीं मंजिल की बालकनी से कूदकर तीन सगी बहनों—निशिका (16), प्राची (14) और पाखी (12)—ने आत्महत्या कर ली थी। पुलिस को उनके कमरे से आठ पन्नों का सुसाइड नोट भी मिला है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्चियां मोबाइल फोन और ऑनलाइन कोरियाई गेम की लत से प्रभावित थीं और उन्होंने अपने लिए कोरियाई नाम भी रख लिए थे।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

UP…गरीबी बनी मौत की वजह! मासूम रेप पीड़िता को इलाज से ठुकराने वाले अस्पतालों पर सुप्रीम कोर्ट का सख्त प्रहार
उत्तराखंड…हाईकोर्ट का सख्त रुख : पीएमजीएसवाई के मुख्य अभियंता अवमानना के दोषी –10 दिन में आदेश नहीं माना तो भुगतनी होगी सजा