जागेश्वर धाम के कोटुली गांव में बुनियादी सुविधाएं बदहाल -महामंडलेश्वर ने डीएम से लगाई गुहार
जागेश्वर। विश्व प्रसिद्ध श्री ज्योतिर्लिंग जागेश्वर धाम के समीप स्थित श्री दंडेश्वर महादेव मंदिर के पुजारियों के गांव कोटुली में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। क्षतिग्रस्त सड़क, कमजोर बिजली व्यवस्था और रात में अंधेरे में डूबे रास्तों की समस्या को लेकर जागेश्वर धाम के मुख्य पुजारी एवं महामंडलेश्वर कैलाशानंद महाराज (कैलाश चंद्र भट्ट) ने जिलाधिकारी अल्मोड़ा को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

महामंडलेश्वर ने जिलाधिकारी को भेजे पत्र में गांव की तीन प्रमुख समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत निर्मित कोटुली गांव की मुख्य सड़क भारी बारिश के चलते कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे होने के कारण करीब 250 परिवारों के साथ ही होमस्टे संचालकों, श्रद्धालुओं और जागनाथ धर्मार्थ आश्रम के निर्माण कार्य में जुटे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। सड़क की खराब स्थिति से दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि गांव में वर्तमान में मात्र 25 किलोवाट क्षमता का ट्रांसफार्मर लगा है। आबादी बढ़ने के साथ ही क्षेत्र में होमस्टे, आश्रम और होटल संचालित होने से बिजली की मांग भी बढ़ गई है। कम क्षमता के कारण आए दिन ट्रांसफार्मर फुंकने और लो-वोल्टेज की समस्या सामने आती रहती है। ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए उन्होंने गांव में 100 किलोवाट क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने की मांग की है।
इसके अलावा दंडेश्वर मंदिर में देर रात तक सेवाएं देने वाले पुजारियों और ग्रामीणों को रात के समय इसी मार्ग से होकर गुजरना पड़ता है। मार्ग पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने से अंधेरे में जंगली जानवरों का खतरा भी बना रहता है। ऐसे में कोटुली गांव तक मार्ग पर सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की गई है।
महामंडलेश्वर कैलाशानंद महाराज ने जिलाधिकारी से संबंधित विभागों को तत्काल निर्देशित कर क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत, 100 किलोवाट का नया ट्रांसफार्मर लगाने और मार्ग पर सोलर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कराने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से ग्रामीणों के साथ-साथ जागेश्वर धाम आने वाले श्रद्धालुओं और क्षेत्र में संचालित धार्मिक एवं पर्यटन गतिविधियों से जुड़े लोगों को भी राहत मिलेगी।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड : नैनीताल में दो आरोपियों पर जिला बदर की कार्रवाई -छह माह तक जिले में प्रवेश पर रोक
uttarakhand-एएसआई के घर से लाखों के गहने और नकदी चोरी -परिचित महिला पर मुकदमा