ज्योलीकोट में पीलिया का प्रकोप : सांसद अजय भट्ट ने पीड़ितों का जाना हाल -स्वच्छ पानी और अस्पताल के उच्चीकरण का दिया भरोसा
ज्योलीकोट (नैनीताल)। ज्योलीकोट क्षेत्र में पीलिया से मौतों और बीमारी के बढ़ते मामलों के बीच नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने मंगलवार को प्रभावित गांवों का व्यापक दौरा किया। उन्होंने पीलिया से मृत लोगों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और पीड़ित मरीजों का हालचाल जाना।
सांसद अजय भट्ट सबसे पहले ज्योली गांव पहुंचे, जहां उन्होंने पीलिया से पीड़ित मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गाजा पहुंचकर भर्ती मरीजों का हालचाल जाना। उन्होंने अस्पताल में तैनात चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों से उपचार में तेजी लाने तथा मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
चिकित्सक डॉ. गर्वित कुमार ने बताया कि पहले की अपेक्षा अब मरीजों की हालत में काफी सुधार है और अस्पताल में पीलिया के मरीजों की संख्या भी कम हो रही है। वहीं डॉ. मनोज कांडपाल ने बताया कि मंगलवार को पीलिया के दो और हेपेटाइटिस-ए के एक मरीज की पुष्टि हुई है।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर अस्पताल में दवाओं और आवश्यक उपकरणों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस दौरान ग्राम प्रधान डॉ. बबीता मनराल ने क्षेत्र में बढ़ती मरीजों की संख्या को देखते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण और अस्पताल के लिए नियमित एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग रखी।
सांसद ने कहा कि क्षेत्र की आबादी और भौगोलिक स्थिति को देखते हुए अस्पताल के उच्चीकरण की मांग उचित है। इस संबंध में जल्द कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान स्वास्थ्य संकट को देखते हुए अस्पताल को अस्थायी रूप से एक एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई है, जिसे बाद में नियमित किए जाने का प्रयास किया जाएगा।
ग्रामीणों ने उठाया स्वच्छ पेयजल का मुद्दा
ज्योलीकोट क्षेत्र के ग्रामीणों ने सांसद के सामने स्वच्छ पेयजल की गंभीर समस्या भी रखी। ग्रामीणों ने मृतक परिवारों को उचित मुआवजा देने के साथ ही जल्द से जल्द स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि इतने बड़े क्षेत्र में टैंकरों के माध्यम से कब तक पानी की आपूर्ति की जाएगी। पानी की कमी के कारण लोगों के साथ-साथ पालतू और दुधारू पशुओं को भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि पानी की कमी के चलते नहाने और कपड़े धोने जैसी दैनिक जरूरतों के लिए भी परेशानी बढ़ गई है। दुधारू पशुओं में टीलिया जैसी बीमारी फैलने की आशंका को लेकर भी ग्रामीण चिंतित नजर आए।
ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सांसद अजय भट्ट ने जल निगम, जल संस्थान समेत संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए समस्याओं का तत्काल निराकरण करने को कहा।
विधायक सरिता आर्या ने बताया कि पीलिया से मृत लोगों के परिवारों को उचित मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र भेजा गया है।
ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट ने कहा कि क्षेत्र इस समय विकट परिस्थितियों से गुजर रहा है और ऐसे समय में सभी को धैर्य के साथ काम लेने की जरूरत है।
इस दौरान जिला पंचायत सदस्य विपिन जंतवाल, डॉ. हेमंत मर्तोलिया, भाजपा के वरिष्ठ नेता दिनेश आर्य, हेम आर्य, भावना मेहरा, पुष्कर जोशी, ग्राम प्रधान हरगोविंद रावत, शेखर भट्ट, डॉ. बबीता मनराल, अजय कुमार, राजेंद्र मनराल, कुंदन जीना, कमल कुल्याल, प्रकाश आर्य, मनीष कुमार, सुनील कुमार, धीरज जीना, जितेंद्र पाठक, धर्मेंद्र रावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

UK…झाझरा में पांच बीघा अवैध प्लॉटिंग पर एमडीडीए का बुलडोजर -ध्वस्त किया अनधिकृत ले-आउट
ऑपरेशन प्रहार में हल्दूचौड़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई -लंबे समय से फरार दो वारंटी गिरफ्तार
भारतीय ज्ञान परंपरा से नवाचार तक : ग्राफिक एरा के 300 विद्यार्थियों ने पूरा किया सात दिवसीय गहन शिक्षण कार्यक्रम