100 से अधिक यूनिट रक्तदान कर ग्राफिक एरा हिल विश्वविद्यालय के युवाओं ने दिखाई मानवता की मिसाल
हल्द्वानी। समाज सेवा और मानवता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए ग्राफिक एरा हिल विश्वविद्यालय, हल्द्वानी में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। उच्च शिक्षा विभाग, उत्तराखंड एवं विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और 100 से अधिक यूनिट रक्तदान कर जरूरतमंदों के लिए जीवनदायिनी पहल की।

विश्वविद्यालय के कम्युनिटी आउटरीच सेल द्वारा आयोजित इस शिविर में सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल तथा एल.टी. बालकृष्ण देवकी जोशी चैरिटेबल ब्लड सेंटर की विशेषज्ञ चिकित्सा टीम ने अपनी सेवाएं दीं। एकत्रित रक्त को दोनों संस्थानों को सौंपा गया, जिससे क्षेत्र के गंभीर मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा।
शिविर के दौरान सभी रक्तदाताओं की पहले स्वास्थ्य जांच की गई और चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया गया। रक्तदान करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे युवाओं में सेवा की भावना और मजबूत हुई।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के निदेशक डॉ. एम. सी. लोहानी ने कहा कि रक्तदान महादान है और यह मानवता के प्रति हमारी जिम्मेदारी को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों और शिक्षकों का उत्साह विश्वविद्यालय की सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस तरह के आयोजन न केवल जरूरतमंदों की मदद करते हैं, बल्कि युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को भी मजबूत करते हैं।
यह रक्तदान शिविर युवा शक्ति की सकारात्मक सोच, सामाजिक जागरूकता और मानवता के प्रति समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड : जयपुर खीमा में तेंदुए की दहशत -ग्रामीणों ने तत्काल पकड़ने की उठाई मांग
नेपाल में भीषण बाढ़ से तबाही -160 के करीब मौतें, 133 भारतीयों समेत 750 से ज्यादा लापता
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ा स्वाइन फ्लू का खतरा -दो हजार से अधिक मामले सामने आने की खबर