तंत्र-मंत्र और वशीकरण के नाम पर ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार -100 से अधिक लोगों को शिकार बनाने का शक

खबर शेयर करें 👉

देहरादून। तंत्र-मंत्र और वशीकरण के जरिए पारिवारिक व निजी समस्याएं दूर करने का झांसा देकर कथित तौर पर ठगी करने वाले दो युवकों को दून पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अब तक 100 से अधिक लोगों के साथ ठगी किए जाने की जानकारी सामने आई है। आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग नामों के आठ आधार कार्ड, 10 एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर कार्ड, भरे हुए चेक, सिम कार्ड समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहरुख (26) निवासी मुजफ्फरनगर और सलमान (24) निवासी शामली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। दोनों पिछले करीब डेढ़ महीने से देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र स्थित चमन विहार में किराये पर रह रहे थे।

सोशल मीडिया पर विज्ञापन देकर फंसाते थे लोग

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में गोपनीय सूचना मिली। इसके आधार पर 12 अक्टूबर की रात पटेलनगर पुलिस ने चमन विहार फेज-1 स्थित आशियाना होम्स में छापा मारकर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  UK-दिनेशपुर में जुए के अड्डे पर पुलिस की छापेमारी, छह गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर खुद को वशीकरण विशेषज्ञ, ज्योतिषाचार्य, शास्त्री और तांत्रिक बताकर विज्ञापन प्रसारित करते थे। विज्ञापनों में अपनी पहचान छिपाकर केवल मोबाइल नंबर दिए जाते थे। इन नंबरों पर संपर्क करने वाले लोगों को तांत्रिक उपायों और सिद्धि-अनुष्ठानों के जरिए वशीकरण करने तथा पारिवारिक और अन्य समस्याएं दूर करने का भरोसा दिलाया जाता था। इसके बाद कथित तौर पर उनसे रकम वसूली जाती थी।

फर्जी दस्तावेजों से खुलवाए बैंक खाते

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने ठगी की रकम हासिल करने के लिए अपने और अन्य व्यक्तियों के नाम पर कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार किए थे। पुलिस के अनुसार, दिलनवाज पुत्र समीम और मोहम्मद भूरा के नाम से भी फर्जी आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज बनाए गए थे। इन दस्तावेजों में किराये के पते का इस्तेमाल किया गया था।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  UK-मां और दो नाबालिग बेटियों ने खाया कीटनाशक -हालत गंभीर होने पर हल्द्वानी रेफर

आरोप है कि इन दस्तावेजों के आधार पर अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाए गए, जिनका इस्तेमाल ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए किया जाना था। पुलिस को आरोपियों के निजी और कथित फर्जी बैंक खातों में ठगी से प्राप्त धनराशि के लेनदेन से जुड़े तथ्य भी मिले हैं। पुलिस अब संबंधित खातों और लेनदेन की विस्तृत जांच कर रही है।

100 से अधिक संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटा रही पुलिस

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अब तक 100 से अधिक लोगों को कथित तौर पर ठगी का शिकार बनाए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस आरोपियों के संपर्कों, बैंक खातों, धनराशि के लेनदेन और संभावित पीड़ितों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। बरामद दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  दिनेशपुर में नवविवाहित युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत -जांच में जुटी पुलिस

दोनों आरोपियों के खिलाफ पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा संख्या 753/26 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 3(5), 318(4), 336(3), 338 और 340(2) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

ये सामान हुआ बरामद

  • अलग-अलग नामों के आठ आधार कार्ड
  • विभिन्न बैंकों के 10 एटीएम कार्ड
  • तीन बैंक पासबुक
  • एक ड्राइविंग लाइसेंस और एक वोटर कार्ड
  • दो भरे हुए चेक
  • ठगी में इस्तेमाल किया गया एक जियो सिम कार्ड
  • एक मेट्रो कार्ड और अन्य दस्तावेज

पुलिस टीम में ये रहे शामिल

कार्रवाई करने वाली टीम में पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नरेश सिंह राठौड़, बाजार चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष कुमार तथा कांस्टेबल राजदीप मलिक, विक्रान्त, अरशद और पंकज शामिल रहे।

ADVERTISEMENTS

Ad Ad Ad Ad
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119