उत्तराखंड…महादेव मंदिर में दो साधुओं की हत्या –जंगल में गड्ढे से मिले शव, मुख्य पुजारी फरार
हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र स्थित पथरी थाना अंतर्गत पथरेश्वर महादेव मंदिर में दो साधुओं की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दोनों साधुओं के शव मंदिर के समीप जंगल में गड्ढा खोदकर दबाए हुए मिले। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मंदिर के एक सेवादार ने पुलिस को सूचना दी कि मंदिर में रहने वाले दो साधु कई दिनों से दिखाई नहीं दे रहे हैं। सूचना मिलते ही पथरी थाना पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मंदिर के पास जंगल में एक संदिग्ध स्थान की खुदाई कराई गई, जहां से दोनों साधुओं के शव बरामद हुए।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि दोनों साधुओं की हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शवों को गड्ढा खोदकर दफना दिया गया। घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत का कारण और हत्या का समय स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस की शुरुआती जांच में मंदिर के मुख्य पुजारी की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। घटना के बाद से वह फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस वारदात में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि दो साधुओं की हत्या कर शवों को गड्ढे में दबाए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किए जाने की उम्मीद है।
धार्मिक स्थल पर हुए इस दोहरे हत्याकांड से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…15 साल नौकरी, फिर भी सिर्फ 8 हजार वेतन –मीक फार्मा में श्रमिकों का हंगामा, एचआर हेड पर गंभीर आरोप