UK…आयुष्मान योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा : जीजा के कार्ड पर साले का इलाज, दून अस्पताल में खुली पोल
देहरादून। दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज कराने में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। अपने रिश्तेदार का इलाज कराने के लिए एक व्यक्ति ने अपने आयुष्मान कार्ड का दुरुपयोग किया और बायोमेट्रिक सत्यापन कराकर मरीज को अस्पताल में भर्ती करा दिया। मामले का खुलासा होने के बाद अस्पताल प्रशासन की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी जीजा-साले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर कोतवाल हरिओम राज चौहान ने बताया कि अस्पताल के उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एनएस बिष्ट की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि 26 मई को गोविंदगढ़ निवासी मंजीत सिंह ने कार्डियोलॉजी विभाग में अपना आयुष्मान कार्ड लगाकर और बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी कर एक मरीज को भर्ती कराया था।
29 मई को डिस्चार्ज प्रक्रिया के दौरान जब आयुष्मान मित्र कुश भंडारी ने नियमों के अनुसार मरीज की बेड पर लेटी हुई फोटो मांगी तो मंजीत घबरा गया और वहां से निकल गया। संदेह होने पर आयुष्मान मित्र ने वार्ड में जाकर पहचान पत्र का मिलान कराया, जहां नर्सिंग ऑफिसर ने स्पष्ट कर दिया कि भर्ती मरीज मंजीत नहीं है।
अगले दिन अस्पताल प्रशासन ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें पूरे फर्जीवाड़े की पुष्टि हो गई। इसी बीच मंजीत अपना कार्ड वापस लेने काउंटर पहुंचा, जहां सुरक्षाकर्मियों की मदद से उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अपने मेरठ निवासी रिश्तेदार विक्की का इलाज अपने आयुष्मान कार्ड पर करा रहा था।
पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही मंजीत ने सीने में दर्द होने का बहाना बनाया और जमीन पर लेट गया, जिसके बाद उसे इमरजेंसी में भर्ती कराना पड़ा। वहीं असली मरीज विक्की को भी स्वास्थ्य परीक्षण के लिए सीसीयू में शिफ्ट किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है। अस्पताल प्रशासन ने इसे सरकारी स्वास्थ्य योजना के साथ धोखाधड़ी का गंभीर मामला बताया है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…तेज रफ्तार स्कूल बस ने ली ग्रामीण की जान –=रामनगर में दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों ने उठाए सवाल