UK…जेल में बंद पिता की जमा-पूंजी पर डाका! बेटी और उसके दोस्त पर 29 लाख हड़पने का मुकदमा
हरिद्वार। जिला कारागार रोशनाबाद में बंद एक कैदी ने अपनी बेटी और उसके मित्र पर भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की पॉलिसियों से करीब 29.33 लाख रुपये की धनराशि धोखाधड़ी से हड़पने का आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश पर रानीपुर कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रानीपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोहर भंडारी के अनुसार, सेक्टर बीएचईएल रानीपुर निवासी अरुण वालिया पुत्र मोहन लाल वालिया, जो वर्तमान में जिला कारागार रोशनाबाद में बंद हैं, ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि बीएचईएल से सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की चार पॉलिसियों में लगभग 32.20 लाख रुपये जमा किए थे।
शिकायत में कहा गया है कि उनकी पुत्री मुस्कान वालिया और उसके मित्र हिमांशु ने उनकी पत्नी अनुराधा वालिया के साथ मिलकर कथित साजिश रची। आरोप है कि उन्हें एक आपराधिक मामले में फंसाकर जेल भेजे जाने के बाद बीमा पॉलिसियों की धनराशि निकाल ली गई।
अरुण वालिया का आरोप है कि अप्रैल से जुलाई 2022 के बीच विभिन्न यूपीआई और बैंक ट्रांजेक्शनों के माध्यम से लाखों रुपये अपने तथा रिश्तेदारों के खातों में स्थानांतरित किए गए। शिकायत के अनुसार हिमांशु के खाते में अलग-अलग किश्तों में 5.08 लाख रुपये भेजे गए, जबकि मुस्कान वालिया द्वारा रिश्तेदारों और परिचितों के खातों में करीब 24.25 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। इस प्रकार कुल 29.33 लाख रुपये की राशि कथित रूप से हड़प ली गई।
पीड़ित का कहना है कि उन्होंने वर्ष 2024 और 2026 में पुलिस अधिकारियों को शिकायतें भेजीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने शनिवार को आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी बैंकिंग और वित्तीय लेनदेन की जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…तेज रफ्तार स्कूल बस ने ली ग्रामीण की जान –=रामनगर में दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों ने उठाए सवाल