UK…पांच लाख की सुपारी देकर पूर्व प्रेमी की हत्या की साजिश -पूर्व प्रेमिका समेत तीन गिरफ्तार
–बड़ोवाला में बैंककर्मी सत्यम पर फायरिंग का पुलिस ने किया खुलासा, सुपारी लेकर गोली चलाने वाला मुठभेड़ में घायल
देहरादून। बड़ोवाला में बैंककर्मी सत्यम कुमार पर हुई फायरिंग का पटेलनगर पुलिस ने खुलासा करते हुए उसकी पूर्व प्रेमिका समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, करीब पांच साल से सत्यम के साथ प्रेम संबंध में रही मालिया रहमान ने दूसरी युवती से उसकी सगाई होने और संपर्क तोड़े जाने से नाराज होकर उसकी हत्या की साजिश रची। आरोप है कि मालिया ने लक्सर निवासी बदमाश अंकित चौहान को पांच लाख रुपये की सुपारी दी थी। सुपारी लेकर सत्यम पर गोली चलाने वाला अंकित पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद गिरफ्तार किया गया, जबकि घटना में शामिल अंकुर फरार है।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
आठ सितंबर को सत्यम कुमार अपनी फुफेरी बहन साक्षी चौहान के साथ स्कूटी से बड़ोवाला स्थित घर जा रहा था। जीओ पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे पीछे से मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने स्कूटी को ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने सत्यम को जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। गोली लगने से सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया। साक्षी की तहरीर पर पटेलनगर कोतवाली में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
सीसीटीवी और सर्विलांस से हमलावरों तक पहुंची पुलिस
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस और एसओजी की टीमों ने घटनास्थल के साथ आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से हमलावरों की तलाश शुरू की गई। 11 सितंबर को पुलिस को दोनों हमलावरों के दोबारा देहरादून आने की सूचना मिली।
गोरखपुर चौक पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने बिना नंबर की मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे भाग निकले। पीछा करने पर दोनों चाय बागान की पगडंडी पर बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घायल बदमाश की पहचान लक्सर निवासी 25 वर्षीय अंकित चौहान के रूप में हुई। उसके कब्जे से 315 बोर का देसी तमंचा, दो खोखे और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की गई।
मोहित के जरिए मालिया से हुई अंकित की मुलाकात
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अंकित ने बताया कि रानीपुर निवासी मोहित के माध्यम से उसकी मुलाकात मालिया रहमान से हुई थी। मालिया ने सत्यम की हत्या के लिए पांच लाख रुपये देने की बात कही थी। सौदा तय होने के बाद उसे एक लाख 20 हजार रुपये अग्रिम दिए गए और शेष रकम हत्या के बाद देने का वादा किया गया।
आरोप है कि मालिया ने अंकित को सत्यम की फोटो और देहरादून स्थित उसके बैंक कार्यालय की जानकारी भी उपलब्ध कराई थी। इसके बाद अंकित अपने साथी अंकुर के साथ देहरादून पहुंचा और आठ सितंबर को बड़ोवाला में सत्यम पर गोली चला दी।
2020 में शुरू हुआ था दोनों का प्रेम संबंध
पुलिस जांच में सामने आया कि मालिया और सत्यम वर्ष 2020 से एक-दूसरे के संपर्क में थे। उस समय मालिया हरिद्वार स्थित उज्जीवन बैंक में काम करती थी और सत्यम भी उसी बैंक में कार्यरत था। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए।
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2023 में परिवार के दबाव में मालिया ने सहारनपुर निवासी युवक से निकाह कर लिया, लेकिन इसके बावजूद सत्यम से उसका संपर्क बना रहा। बाद में उसका विवाह टूट गया और वह मायके में रहने लगी।
वर्ष 2025 में सत्यम देहरादून स्थित उज्जीवन बैंक की शाखा में आ गया। पुलिस के अनुसार, मालिया का आरोप था कि सत्यम कई वर्षों तक उसे शादी का भरोसा देता रहा, लेकिन फरवरी 2026 में उसने दूसरी युवती से सगाई कर ली। इसके बाद सत्यम ने मालिया से दूरी बनानी शुरू कर दी और उसे फोन तथा सोशल मीडिया पर भी ब्लॉक कर दिया। इससे नाराज मालिया ने कथित तौर पर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।
बची रकम लेने देहरादून पहुंची मालिया, मोहित के साथ गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद मालिया को सत्यम के घायल होने की जानकारी मिल गई थी। इसके बाद उसने मोहित के माध्यम से अंकित से संपर्क किया और बची हुई रकम देने के लिए मोहित के साथ देहरादून पहुंची। पुलिस ने दोनों को देर रात आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मालिया रहमान निवासी ज्वालापुर, हरिद्वार और मोहित निवासी ज्वालापुर, हरिद्वार के रूप में हुई है। वहीं, पुलिस फरार आरोपी अंकुर की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार अंकित के खिलाफ लक्सर कोतवाली में चोरी और शस्त्र अधिनियम समेत पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

जिला सूचना अधिकारी गिरजा शंकर जोशी के निधन पर सांसद अजय भट्ट ने जताया शोक
नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी के निधन से पत्रकार जगत में शोक
उत्तराखंड : नैनीताल में दो आरोपियों पर जिला बदर की कार्रवाई -छह माह तक जिले में प्रवेश पर रोक
जागेश्वर धाम के कोटुली गांव में बुनियादी सुविधाएं बदहाल -महामंडलेश्वर ने डीएम से लगाई गुहार