UK: जवाहर नगर हत्याकांड का 12 घंटे में खुलासा -रेलवे स्टेशन के नीचे झोपड़ी से हत्यारोपित गिरफ्तार
हल्द्वानी। बनभूलपुरा के जवाहर नगर में बरामदे में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए नामजद हत्यारोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सुरागरसी-पतारसी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म के नीचे गौला नदी किनारे हजारा की खाली पड़ी झोपड़ी से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा भी बरामद किया गया है।
गुरुवार को प्रेस वार्ता में एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल ने बताया कि बुधवार को जवाहर नगर के स्थानीय पार्षद ने बनभूलपुरा पुलिस को क्षेत्र में एक व्यक्ति के अचेत अवस्था में पड़े होने की सूचना दी थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो बरामदे में युवक मृत मिला। मृतक की पहचान अमन ठाकुर (29) पुत्र भोले ठाकुर, निवासी गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार अमन पिछले करीब चार-पांच वर्षों से इसी घर में रह रहा था।
घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने निरीक्षण कर आवश्यक भौतिक साक्ष्य जुटाए। मृतक के गले पर यू-आकार का निशान मिला, जिसके बाद प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया।
बनभूलपुरा कोतवाली में बीएनएस की संबंधित धाराओं में निक्की उर्फ नाटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल को सौंपी गई। उनके नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। साथ ही सुरागरसी-पतारसी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर को निक्की उर्फ नाटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म से नीचे गौला नदी किनारे हजारा की खाली पड़ी झोपड़ी में छिपा मिला। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर जवाहर नगर स्थित उसके कार्यस्थल मस्ता टेंट हाउस से हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा बरामद किया गया।
पूछताछ में पुलिस के अनुसार सामने आया कि निक्की उर्फ नाटी मृतक अमन को पसंद नहीं करता था और उसे अपनी पत्नी के साथ अमन के संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर उसका पत्नी और अमन से आए दिन विवाद होता था। पुलिस के अनुसार 15 सितंबर को आरोपी ने अपनी साली को फोन कर अमन अथवा अपनी पत्नी को जान से मारने की धमकी भी दी थी। पुलिस ने इसी विवाद को हत्या की वजह बताया है।
एसपी ने बताया कि निक्की उर्फ नाटी के खिलाफ बनभूलपुरा कोतवाली में वर्ष 2025 में आबकारी अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल, वरिष्ठ उपनिरीक्षक गगनदीप सिंह, उपनिरीक्षक जगवीर सिंह, उपनिरीक्षक मनोज यादव, कांस्टेबल मोहम्मद यासीन, लक्ष्मण राम, मेहबूब अली, सुनील कुमार और दिलशाद अहमद शामिल रहे।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

UK…हरिपुर कालसी में गूंजा माँ यमुना का जयघोष -मुख्यमंत्री धामी ने किया माँ यमुना की प्रतिमा का अनावरण और हरिघाट का लोकार्पण
उत्तराखंड : इंस्टाग्राम पर अश्लील वीडियो अपलोड करने के आरोप में युवक पर मुकदमा
उत्तराखंड : रास्ते में युवती को जबरन रोककर अश्लील हरकत का आरोप -कार सवार के खिलाफ मुकदमा