uttarakhand-साइबर ठगी पर अल्मोड़ा पुलिस का बड़ा वार –नौ म्यूल बैंक खातों का खुलासा
–खातों में साइबर अपराध की रकम का लेन-देन मिलने पर खाताधारकों पर मुकदमे, जांच तेज
अल्मोड़ा। साइबर ठगी पर अंकुश लगाने के लिए अल्मोड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले में संचालित नौ संदिग्ध म्यूल बैंक खातों का खुलासा किया है। जांच में इन खातों का इस्तेमाल साइबर अपराध से जुड़ी धनराशि के लेन-देन में किए जाने की पुष्टि होने के बाद संबंधित खाताधारकों के खिलाफ विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 24 अगस्त से एक सप्ताह तक जिलेभर में म्यूल खातों के सत्यापन का विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस को भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र से जिले में संचालित संदिग्ध और अत्यधिक लेन-देन वाले बैंक खातों की जानकारी प्राप्त हुई।
इसके बाद साइबर सेल और संबंधित थाना पुलिस ने बैंकों के सहयोग से संदिग्ध खातों का गहन सत्यापन और निगरानी की। जांच में विभिन्न बैंकों में संचालित नौ खाते म्यूल अकाउंट पाए गए। पुलिस ने खाताधारकों की पहचान कर उनके खिलाफ संबंधित थानों में अभियोग दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
कमीशन के लालच में खाता देना पड़ सकता है भारी
पुलिस के अनुसार, म्यूल बैंक खाते वे खाते होते हैं, जिनका इस्तेमाल साइबर अपराधी ठगी से हासिल रकम को प्राप्त करने, दूसरे खातों में स्थानांतरित करने या रकम के वास्तविक स्रोत को छिपाने के लिए करते हैं। कई बार लोग लालच या कमीशन के बदले अपना बैंक खाता दूसरे लोगों को इस्तेमाल करने के लिए दे देते हैं। ऐसी स्थिति में खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं।
पुलिस ने लोगों को किया सतर्क
अल्मोड़ा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, ओटीपी, पासवर्ड और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी व्यक्ति को बैंक खाता, एटीएम कार्ड या मोबाइल सिम इस्तेमाल के लिए न दें। आसान कमाई या कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता किसी दूसरे व्यक्ति को उपलब्ध कराना भारी पड़ सकता है।
पुलिस ने अज्ञात फोन कॉल, संदिग्ध लिंक और सामाजिक माध्यमों पर आने वाले संदेशों से सतर्क रहने की अपील की है। साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने को कहा गया है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com
uttarakhand-रामनगर में गन्ने के खेत में मिला युवक का शव -शरीर पर चोट के निशान से मचा हड़कंप
uttarakhand-ट्रक के केबिन में बेहोश मिला चालक -अस्पताल पहुंचते ही मौत