uttarakhand-फेसबुक पर दोस्ती, फिर गोल्ड निवेश का झांसा -हल्द्वानी की महिला से 8.86 लाख की ऑनलाइन ठगी
हल्द्वानी। फेसबुक के जरिए संपर्क कर गोल्ड में निवेश के नाम पर भारी मुनाफे का झांसा देकर एक महिला से 8 लाख 86 हजार 910 रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को एक कंपनी से जुड़ा बताते हुए महिला को निवेश योजना में रकम लगाने के लिए राजी किया। रकम ट्रांसफर होने के बाद आरोपी का मोबाइल बंद हो गया। साइबर सेल की जांच में ठगी की रकम कई बैंक खातों से होते हुए ज्वैलरी और गोल्ड कारोबार से जुड़े खातों तक पहुंचने का खुलासा हुआ है।
गिरिजा विहार कॉलोनी निवासी मोनिका पत्नी सचिन पांडे ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 28 सितंबर 2025 को फेसबुक के माध्यम से एक अंजान व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया। उसने अपना नाम नीरज कुमार बताया और खुद को रामकृष्ण ट्रांसमिशन एंड सर्विस प्राइवेट लिमिटेड, मुजफ्फरपुर बिहार से जुड़ा बताया। आरोपी ने निवेश योजना की जानकारी देते हुए अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया।
आरोपी की बातों में आकर महिला ने 29 सितंबर 2025 को एनईएफटी के माध्यम से 8,86,910 रुपये रामकृष्ण ट्रांसमिशन एंड सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के बैंक ऑफ बड़ौदा खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद जब महिला ने निवेश से संबंधित जानकारी मांगी तो आरोपी ने बताया कि रकम उसके साथी मुस्कान स्पिनर के खाते में भेजी जाएगी और इसके बाद गोल्ड में निवेश किया जाएगा।
अगले दिन महिला ने आरोपी से संपर्क करने का प्रयास किया तो उसका मोबाइल बंद मिला। कई बार फोन करने के बावजूद संपर्क नहीं होने पर महिला को ठगी का शक हुआ। उसने 2 अक्टूबर 2025 को साइबर सेल हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई।
कई खातों में घूमती रही ठगी की रकम
साइबर सेल की जांच में सामने आया कि नीरज कुमार के खाते से उसी दिन मुस्कान स्पिनर के एचडीएफसी बैंक खाते में 4.50 लाख और 4.80 लाख रुपये, यानी कुल 9.30 लाख रुपये की दो रकम भेजी गईं। इसके बाद मुस्कान स्पिनर के खाते से 9.25 लाख रुपये मानिक ज्वैलर्स के खाते में ट्रांसफर किए गए। तहरीर के अनुसार इस रकम में पीड़िता के 8,86,910 रुपये भी शामिल थे।
इसके बाद मानिक ज्वैलर्स के खाते से रकम एसपीएन गोल्ड एंड प्रेशियस मेटल्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के खाते में पहुंची। इससे साइबर ठगी की रकम को अलग-अलग खातों के जरिए आगे ट्रांसफर किए जाने की जानकारी सामने आई।
साइबर सेल ने पूरी रकम कराई होल्ड
साइबर सेल नैनीताल और साइबर सेल चंपावत के विशेषज्ञों से चर्चा के बाद पीड़िता की पूरी 8,86,910 रुपये की धनराशि 5 मार्च 2026 को शिकायत के माध्यम से होल्ड करा दी गई। पीड़िता को न्यायालय के माध्यम से होल्ड रकम रिलीज कराने की प्रक्रिया अपनाने की सलाह दी गई है।
अब महिला ने थाना मुखानी में मुकदमा दर्ज कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और होल्ड कराई गई रकम वापस दिलाने में मदद की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

uttarakhand-नैनीताल से हल्द्वानी शिफ्ट होगा हाईकोर्ट -लामाचौड़ में 30 हेक्टेयर वन भूमि पर बनेगा नया परिसर
मोतीनगर प्राथमिक पाठशाला में वृहद पौधारोपण अभियान -पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश