uttarakhand-एएसआई के घर से लाखों के गहने और नकदी चोरी -परिचित महिला पर मुकदमा
देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र के नेहरूग्राम में एक पुलिस एएसआई के घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी का आरोप एएसआई की परिचित महिला पर है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
रायपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार के अनुसार, नेहरूग्राम के गुरुविहार निवासी नीलम पंत पत्नी कुलदीप पंत ने पुलिस को तहरीर दी। कुलदीप पंत सरकारी शिक्षक हैं, जबकि नीलम पंत नेहरू कॉलोनी थाने में एएसआई के पद पर तैनात हैं। नीलम ने बताया कि वह लक्खीबाग निवासी स्वाति शर्मा को पिछले करीब दो महीने से जानती हैं।
तहरीर के मुताबिक, 9 सितंबर की सुबह करीब 9:30 बजे स्वाति शर्मा उनके घर पहुंची। उसने अपनी स्कूटी खराब होने की बात बताते हुए बसंत विहार जाने में मदद मांगी। नीलम उसे अपनी स्कूटी से मोथरोवाला तक लेकर गईं और वहां से ड्यूटी पर चली गईं। आरोप है कि स्वाति ने स्कूटी लेकर खुद बसंत विहार जाने की बात कही और वहां से निकल गई।
करीब 1:30 बजे स्वाति वापस लौटी और स्कूटी नीलम को सौंप दी। इसके बाद जब नीलम घर पहुंचीं तो घर से सोने की नथ, मांग टीका, कंगन, लॉकेट, झुमके, कई जोड़ी टॉप्स, अंगूठियां, चांदी की तीन जोड़ी पायल और करीब 4,000 रुपये नकद गायब मिले।
नीलम के मुताबिक, घर और स्कूटी की चाबियां एक ही गुच्छे में थीं। चोरी का शक होने पर उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में कथित तौर पर स्वाति बसंत विहार जाने के बजाय सीधे नीलम के घर पहुंचती दिखाई दी। वह करीब दो घंटे तक घर के अंदर रही।
थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

40.600 किलो गांजा बरामदगी में एक दोषी, दूसरा बरी–अदालत ने सुनाई 11 साल की कठोर सजा, 1.10 लाख रुपये जुर्माना