उत्तराखंड…प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा हत्याकांड : आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद
बागेश्वर। राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला के प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा की हत्या के मामले में झिरौली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 7 बजे जीआईसी भटखोला के समीप विद्यालय के प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा पर विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी नवल किशोर सोराड़ी ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रधानाचार्य को तत्काल जिला अस्पताल बागेश्वर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद जीआईसी भटखोला के शिक्षक गोकुल चंद्र की तहरीर पर थाना झिरौली में आरोपी नवल किशोर सोराड़ी निवासी ग्राम पाटी, जनपद चंपावत (हाल प्रशासनिक अधिकारी, राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला) के खिलाफ एफआईआर संख्या 10/2026 दर्ज की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) और एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फारेंसिक टीम अल्मोड़ा और बागेश्वर फारेंसिक यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान घटनास्थल के पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर करालागांव यात्री शेड, बागेश्वर रोड से आरोपी नवल किशोर सोराड़ी (44) को पुलिस उपाधीक्षक कपकोट के नेतृत्व में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसे नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इधर, घटना के बाद मृतक के परिजनों और शिक्षकों ने जिला अस्पताल के बाहर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। देर शाम तक परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं होने दिया। सूचना पर पहुंची उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी ने परिजनों से वार्ता कर स्थिति को शांत कराया।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराया। हालांकि, परिजनों ने जिला अस्पताल में जिले के उच्चाधिकारियों के नहीं पहुंचने को लेकर भी नाराजगी जताई।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…तीनपानी बाईपास पर अब नहीं चलेगी लापरवाही –रॉन्ग साइड चलने वालों पर होगी बीएनएस की धारा 281 में कार्रवाई
उत्तराखंड…स्कूल जा रहे प्रधानाचार्य की धारदार हथियार से हत्या, बागेश्वर में सनसनी