uttarakhand…थल-पिथौरागढ़ रोड पर दर्दनाक हादसा : गहरी खाई में गिरी बाइक, दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल
थल से पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे मालासीमा गांव में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार, थल से करीब सात किलोमीटर दूर चोपड़ा छीड़ के पास एक मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 49 मीटर गहरी खाई में जा गिरी और नदी किनारे पहुंच गई। बाइक पर तीन युवक सवार थे, जो थल से मुवानी की ओर जा रहे थे। दुर्घटना शनिवार दोपहर करीब तीन बजे हुई।
संयोग से हादसे के समय थल थाना पुलिस की गश्ती टीम मौके के पास ही मौजूद थी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर खाई में गिरे युवकों को बाहर निकाला।
हादसे में प्रदीप ज्याला पुत्र दरपान ज्याला (24) तथा बॉबी सिंह देऊपा पुत्र डिगर सिंह देऊपा (19) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बलवंत सिंह भंडारी पुत्र प्रमोद सिंह भंडारी (25) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुवानी में चल रहा है।
बताया गया कि तीनों युवक थल से आठ किलोमीटर दूर मसमोली के मालासीमा गांव के निवासी थे। हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया और मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
थानाध्यक्ष प्रकाश चंद्र पांडे ने बताया कि दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बेरीनाग भेजा जा रहा है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक कोंडे भी मौके पर पहुंचे।
राहत एवं बचाव कार्य में थानाध्यक्ष प्रकाश पांडे, एसआई भुवन चंद्र पांडे, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार, जगदीश मार्कोना समेत स्थानीय लोग रवि भट्ट, कवींद्र चुफाल, संजय सिंह मेहर और जितेंद्र मर्तोलिया मौजूद रहे।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…पंखे में उतरे करंट से आठवीं के छात्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम