उत्तराखंड…35 लाख के गहनों संग शातिर चोर गिरफ्तार -लालकुआं पुलिस ने खोले तीन सनसनीखेज चोरी के राज
–200 से ज्यादा CCTV खंगालकर पुलिस ने दबोचा आरोपी, हीटर में छिपाकर रखे थे सोने के जेवर
लालकुआं। जनपद नैनीताल के थाना लालकुआं क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी और नकबजनी की घटनाओं का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 35 लाख रुपये कीमत के 20 तोला से अधिक सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इस कार्रवाई के साथ तीन चर्चित चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश कर दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी तथा क्षेत्राधिकारी लालकुआं की निगरानी में कोतवाली लालकुआं पुलिस ने यह बड़ी सफलता हासिल की।
मामले की शुरुआत 19 मई 2026 को हुई, जब बिन्दुखत्ता निवासी चन्द्रा देवी ने घर का ताला तोड़कर सोने के आभूषण चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को वर्ष 2025 में हुई दो अन्य चोरी की घटनाओं से भी समान सुराग मिले। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक और वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक सिंह बिष्ट के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने 200 से 300 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी व मैन्युअल इंटेलिजेंस के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई। आखिरकार 23 मई को बिन्दुखत्ता क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी भानु प्रताप को गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से टूटे हुए सोने के आभूषण बरामद हुए। पुलिस उस समय हैरान रह गई जब एक पंखानुमा हीटर की निचली प्लेट खोलने पर उसके भीतर छिपाकर रखे गए सोने के जेवर बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने लालकुआं और बिन्दुखत्ता क्षेत्र के बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान भानु प्रताप पुत्र रोशन लाल निवासी थाना बहेड़ी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी ने पूछताछ में वर्ष 2025 के दो अन्य चोरी के मुकदमों में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार आरोपी दिन में पैदल घूमकर ऐसे मकानों की रेकी करता था, जिनमें ताला लगा हो या लोग बाहर गए हों। मौका मिलते ही वह ताला तोड़कर घर में घुसता और नकदी व जेवर लेकर फरार हो जाता था।
बरामद जेवरों में हार, मंगलसूत्र, मांगटीका, नथ, अंगूठियां, झुमके, पौंची, चेन और अन्य सोने के आभूषण शामिल हैं। शिकायतकर्ताओं द्वारा बरामद माल की पहचान भी कर ली गई है।
इस शानदार सफलता पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को 2500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…पंखे में उतरे करंट से आठवीं के छात्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम
उत्तराखंड…तेज रफ्तार स्कूल बस ने ली ग्रामीण की जान –=रामनगर में दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों ने उठाए सवाल