uttarakhand-कृषि यंत्र पर सब्सिडी का झांसा देकर महिला किसान से लाखों की ठगी, पांच पर मुकदमा
काशीपुर। कृषि यंत्र पर सरकारी सब्सिडी दिलाने का झांसा देकर महिला किसान से लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पराली के बंडल बनाने वाली मशीन उपलब्ध कराने के नाम पर महिला के नाम करीब 22-23 लाख रुपये का ऋण कराया गया और ऋण की रकम फर्म के खाते में स्थानांतरित करा दी गई। इसके बावजूद महिला को मशीन उपलब्ध नहीं कराई गई। मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने पिता-पुत्र समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम शेरपुर बहलीन निवासी शशिबाला ने ठाकुरद्वारा न्यायालय में प्रार्थनापत्र देकर बताया कि 6 जुलाई 2025 को ग्राम बांसखेड़ा खुर्द निवासी जगतजीत सिंह बुमराह, कुलवंत सिंह बुमराह, रेशम सिंह, जसपुर निवासी विपिन कुमार और पंजाब नेशनल बैंक ठाकुरद्वारा के शाखा प्रबंधक अभिनव यादव उसके घर पहुंचे थे।
महिला का आरोप है कि जगतजीत सिंह ने अपनी कृषि यंत्र फर्म के माध्यम से सरकारी सब्सिडी पर मशीन दिलाने का भरोसा दिया। उसे बताया गया कि पराली के बंडल बनाने वाली मशीन की कीमत करीब 21 लाख रुपये है और इस पर 9.90 लाख रुपये की सरकारी सब्सिडी मिलेगी। आरोप है कि इसके बाद उससे 2.70 लाख रुपये नकद ले लिए गए तथा उसके नाम पर करीब 22-23 लाख रुपये का ऋण करा दिया गया। ऋण की पूरी रकम भी फर्म के खाते में स्थानांतरित करा दी गई।
शशिबाला के अनुसार, 12 जनवरी 2026 को जब वह मशीन लेने फर्म पहुंची तो आरोपियों ने उसे नई मशीन देने के बजाय पुरानी और जर्जर मशीन ले जाने के लिए कहा। महिला ने मशीन लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसने मामले की शिकायत की और न्यायालय की शरण ली।
सीओ ठाकुरद्वारा आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर पांचों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

uttarakhand-फर्जी मेजर बनकर युवतियों को फंसाता था 20 वर्षीय युवक -देहरादून की एक दर्जन से अधिक युवतियां बनीं शिकार