मोबाइल छीनकर भागे झपटमार का पीछा करते युवक की ट्रेन से कटकर मौत
नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली में एक युवक की मोबाइल झपटमार का पीछा करते समय ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना शुक्रवार शाम शाहदरा रेलवे स्टेशन पर हुई।
पुलिस के अनुसार शाम करीब 4:55 बजे पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन थाने को सूचना मिली कि शाहदरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के लिए क्राइम और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बागपत जिले निवासी 22 वर्षीय रोहित कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्लेटफॉर्म पर किसी झपटमार ने रोहित का मोबाइल फोन छीन लिया था। मोबाइल वापस पाने के लिए रोहित झपटमार के पीछे दौड़ पड़ा।
इसी दौरान वह सामने से आ रही दिल्ली–काठगोदाम एक्सप्रेस को नहीं देख पाया और ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक झपटमार की पहचान के लिए रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इस मामले में झपटमारी का केस दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड : जयपुर खीमा में तेंदुए की दहशत -ग्रामीणों ने तत्काल पकड़ने की उठाई मांग
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ा स्वाइन फ्लू का खतरा -दो हजार से अधिक मामले सामने आने की खबर