uttarakhand-सतपुली महाविद्यालय में गूंजा गुरु-शिष्य परंपरा का संदेश -व्यास पूजन समारोह में भारतीय ज्ञान परंपरा पर मंथन
सतपुली/पौड़ी। राजकीय महाविद्यालय सतपुली, पौड़ी गढ़वाल में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भारतीय शिक्षण मंडल, उत्तराखंड प्रांत के तत्वावधान में ‘व्यास पूजन समारोह-2026’ का गरिमापूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को महर्षि वेदव्यास के जीवन, कृतित्व तथा भारतीय ज्ञान परंपरा में उनके अतुलनीय योगदान से परिचित कराना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। मुख्य वक्ता एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. संजय कुमार ने महर्षि वेदव्यास के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे भारतीय ज्ञान परंपरा के महान संवाहक थे। उन्होंने विशाल ज्ञान-संपदा को व्यवस्थित कर उसे जनसुलभ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका साहित्य भारतीय संस्कृति, दर्शन, इतिहास और जीवन-मूल्यों का महत्वपूर्ण आधार है।
मुख्य अतिथि एवं भारतीय शिक्षण मंडल के जिला संयोजक डॉ. आशीष उपाध्याय ने गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण है। गुरु केवल विषयगत ज्ञान प्रदान करने वाला नहीं, बल्कि शिष्य के व्यक्तित्व, संस्कार, अनुशासन, विवेक और चरित्र का निर्माता होता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में ज्ञान के साथ संस्कार और चरित्र निर्माण को भी समान महत्व दिया जाना चाहिए।
डॉ. उपाध्याय ने कहा कि शिक्षा में निरंतर बदलाव के दौर में गुरु के प्रति सम्मान, श्रद्धा और गुरु-शिष्य संबंधों की मूल भावना को फिर से मजबूत करना समय की आवश्यकता है। भारतीय ज्ञान परंपरा के मूल्यों को आधुनिक शिक्षा के साथ जोड़कर विद्यार्थियों में राष्ट्र और समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित की जा सकती है।
कार्यक्रम की संयोजक डॉ. ममता बेलवाल, रसायन विज्ञान विभाग, ने भारतीय ज्ञान परंपरा की प्रासंगिकता पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी संस्कृति, परंपराओं और समृद्ध ज्ञान-विरासत से जुड़ने का आह्वान किया।
समारोह में भारतीय ज्ञान परंपरा, गुरु-शिष्य परंपरा तथा वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में भारतीय चिंतन के समावेश जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। समारोह ने विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, गुरु परंपरा और गौरवशाली ज्ञान-विरासत के प्रति सम्मान एवं जागरूकता की भावना को और मजबूत किया।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…मयलगांव में तेंदुए के हमले से दहशत -घायल बेटी से मिले विधायक महेश जीना
भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई -3.440 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार
uttarakhand-प्रसव के कुछ घंटे बाद प्रसूता की मौत -स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर उठे सवाल