उत्तराखंड…राहुल का हेलीकॉप्टर लौटा, कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन धरा रह गया, अल्मोड़ा में समर्थकों के हाथ लगी मायूसी
-खराब मौसम ने बिगाड़ा कार्यक्रम, वर्चुअल संबोधन तक सिमटी जनसभा; 2027 से पहले ताकत दिखाने की रणनीति को लगा झटका
अल्मोड़ा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष का गुरुवार को प्रस्तावित अल्मोड़ा दौरा खराब मौसम की भेंट चढ़ गया। प्रतिकूल मौसम और उड़ान परिस्थितियों के चलते उनका हेलीकॉप्टर अल्मोड़ा नहीं पहुंच सका और बीच रास्ते से वापस पंतनगर लौटना पड़ा। इसके चलते जनसभा में उन्हें सुनने और देखने की उम्मीद लेकर पहुंचे समर्थकों को निराशा हाथ लगी।
राहुल गांधी को अल्मोड़ा में आयोजित ‘परिवर्तन का शंखनाद’ कार्यक्रम में जनसभा को संबोधित करना था, लेकिन मौसम खराब होने के कारण कार्यक्रम की रूपरेखा बदलनी पड़ी। लंबे इंतजार के बाद करीब साढ़े बारह बजे ने मंच से घोषणा की कि खराब मौसम के चलते राहुल गांधी अल्मोड़ा नहीं पहुंच सकेंगे। इसके बाद उन्होंने पंतनगर से वर्चुअल माध्यम से जनसभा को संबोधित किया।
अपने संबोधन में राहुल गांधी ने संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने और जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही बढ़ती महंगाई, ईंधन कीमतों और भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि युवाओं का मनोबल प्रभावित हो रहा है और भ्रष्टाचार मुक्त शासन के लिए राजनीतिक बदलाव जरूरी है।
राहुल गांधी ने अल्मोड़ा की जनता का आभार व्यक्त करते हुए खराब मौसम के कारण नहीं पहुंच पाने पर खेद जताया और जल्द ही अल्मोड़ा आकर लोगों से सीधे संवाद करने का भरोसा दिया।
राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह था और पार्टी इसे वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कुमाऊं में अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने के अवसर के रूप में देख रही थी। कुमाऊं मंडल के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी अल्मोड़ा पहुंचे थे। हालांकि अपेक्षित भीड़ नहीं जुट सकी और राहुल गांधी के नहीं पहुंच पाने से कार्यकर्ताओं का उत्साह भी फीका पड़ गया।
राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जा रहे इस आयोजन से कांग्रेस को जिस जनसंपर्क और राजनीतिक संदेश की उम्मीद थी, वह पूरी तरह आकार नहीं ले सका। वर्चुअल संबोधन के बावजूद कई समर्थक कार्यक्रम स्थल से लौटने लगे। ऐसे में कांग्रेस को इस आयोजन से मिलने वाली संभावित राजनीतिक बढ़त मौसम की बाधा के कारण अधूरी रह गई। इससे पूर्व जनसभा को कई वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी भीमताल में पहली बार आयोजित हुआ ‘नाट्यकम-2026 -मंच पर जीवंत हुई भारतीय ज्ञान परंपरा
उत्तराखंड : धामी कैबिनेट के 13 बड़े फैसले -अग्निवीरों को भर्ती में छूट, बाल वीरता पुरस्कार योजना को मंजूरी
UK-बेरीनाग में बरसाती नाले में बही स्कूटी -एक युवक की मौत, साथी ने पत्थर पकड़कर बचाई जान